रिपोर्ट👉 जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। उत्तर प्रदेश से उत्तराखंड के मंगलौर में अपने रिश्तेदारों के घर आए एक परिवार की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं जब एक छह वर्षीय मासूम खेलते समय मकान की छत से नीचे गिर गया। गंभीर रूप से घायल बच्चे ने अस्पताल हायर सेंटर ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। मासूम की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।मिली जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के जनपद मुजफ्फरनगर के ग्राम सिकरी निवासी अदनान अपने परिवार के साथ मंगलौर के मोहल्ला किला चिड़िया कोर्ट में रहने वाले अपने एक रिश्तेदार के घर आए हुए थे। रविवार की सुबह उनका छह वर्षीय पुत्र अर्सलान उर्फ निआज घर की छत पर खेल रहा था। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह छत से नीचे गिर गया। भारी आवाज और बच्चे की चीख सुनकर परिजन तुरंत मौके पर दौड़े। खून से लथपथ मासूम को आनन-फानन में स्थानीय अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तुरंत हायर सेंटर रेफर कर दिया। हायर सेंटर ले जाते समय रास्ते में ही मासूम अर्सलान ने दम तोड़ दिया। बच्चे की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई। घटना के संबंध में बगैर कोई कानूनी कार्रवाई किये बच्चों का अंतिम संस्कार कर दिया गया है।
