रिपोर्ट👉 जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर: रिश्तेदारी में आयोजित एक शादी समारोह में जाने से पिता द्वारा मना किए जाने से क्षुब्ध होकर एक किशोरी ने मंगलौर गंगनहर के पुराने पुल से छलांग लगा दी। गनीमत रही कि वहां मौजूद कुछ स्थानीय युवकों ने तत्परता दिखाते हुए नहर में कूदकर किशोरी को सकुशल बाहर निकाल लिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बसवाखेड़ी निवासी एक ग्रामीण के परिवार की रिश्तेदारी में शादी समारोह था। ग्रामीण की नाबालिग पुत्री भी शादी में जाने के लिए पूरी तरह तैयार थी। हालांकि किसी कारणवश पिता ने उसे समारोह में ले जाने से साफ मना कर दिया। पिता की इस मनाही से किशोरी इस कदर नाराज हुई कि उसने आत्मघाती कदम उठाने का फैसला कर लिया। शनिवार देर शाम वह चुपचाप मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत गंगनहर के पुराने पुल पर पहुंची और उफनती लहरों में छलांग लगा दी। किशोरी को पुल से नहर में कूदते देख वहां हड़कंप मच गया। इसी दौरान पास के ग्राम सैदपुरा निवासी कुछ युवक वहां मौजूद थे। उन्होंने बिना समय गंवाए गंगनहर में छलांग लगा दी और सूझबूझ से किशोरी को डूबने से बचाते हुए सकुशल बाहर निकाल लिया। युवकों ने तुरंत घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस और किशोरी के परिजनों को दी। कोतवाली पुलिस के अनुसार सोशल मीडिया पर इस पूरी घटना का वीडियो वायरल होने के बाद से किशोरी के पिता गहरे सदमे में हैं। पुलिस परिजनों की काउंसिलिंग कराने की तैयारी कर रही है।
