रिपोर्ट👉 जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। कोतवाली मंगलौर क्षेत्र अंतर्गत गोल्डन ढाबे के पास कांवड़ लेकर लौट रहे युवकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि कांवड़ियों के एक गुट ने कार सवार युवक के साथ मारपीट की और उसकी कार में जमकर तोड़फोड़ कर डाली। मौके पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद पीड़ित की जान बचाई और स्थिति को संभाला। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
दिल्ली के संजय कॉलोनी भाटी माइन्स थाना मैदानगढ़ी निवासी सोनू ने मंगलौर कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपने दोस्त मोहित और गौतम के साथ हरिद्वार से कांवड़ लेकर दिल्ली लौट रहा था। वह अपनी कार चल रहा था जबकि उसके दोस्त पैदल कांवड़ लेकर आ रहे थे। शनिवार की रात करीब 8:30 बजे जब वे गोल्डन ढाबे के पास पहुंचे तो रुड़की के कमेलपुर निवासी राजा और उसके 2-3 अज्ञात साथियों ने उसे घेर लिया। आरोप है कि आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए जमकर मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान उपद्रवियों ने पीड़ित की कार में भी तोड़फोड़ कर उसे बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पीड़ित को भीड़ के बीच से सुरक्षित बाहर निकाला। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भगवान महर ने बताया कि पीड़ित सोनू की तहरीर के आधार पर नामजद व अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है
