रिपोर्ट👉 जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर: कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने में जुटी मंगलौर पुलिस की तत्परता से एक कांवड़ यात्री के चेहरे पर खुशी लौट आई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दिल्ली निवासी श्रद्धालु का गुम हुआ आईफोन मोबाइल चार्जर समेत सकुशल बरामद कर उसे सौंप दिया है।
जानकारी के अनुसार शनिवार को कांवड़ यात्रा के दौरान दिल्ली निवासी एक श्रद्धालु का आईफोन और चार्जर कहीं गिरकर गुम हो गया था। काफी तलाश करने के बाद भी जब मोबाइल नहीं मिला तो पीड़ित ने मामले की जानकारी तत्काल थाना मंगलौर पुलिस को दी सूचना मिलते ही मंगलौर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और मोबाइल की खोजबीन के लिए टीम को सक्रिय किया। पुलिस की तत्परता और सटीक सर्विलांस के चलते गुम हुआ आईफोन और चार्जर कुछ ही समय में बरामद कर लिया गया। थाने बुलाकर जब पुलिस ने कांवड़ यात्री को उसका मोबाइल और चार्जर सौंपा तो उसने राहत की सांस ली। श्रद्धालु ने मंगलौर पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए उनकी कार्यशैली और संवेदनशीलता की जमकर सराहना की मंगलौर पुलिस ने कांवड़ श्रद्धालुओं से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने मोबाइल, पर्स और अन्य कीमती सामान की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। किसी भी प्रकार की असुविधा या सहायता की स्थिति में तुरंत नजदीकी पुलिसकर्मी या डायल 112 पर संपर्क करें।
