रिपोर्ट👉 जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। मतदाता सूचियों में नियमों को ताक पर रखकर दर्ज कराई जा रही आपत्तियों को लेकर मंगलौर से विधायक काजी निजामुद्दीन ने सख्त नाराजगी जाहिर की है। विधायक का आरोप है कि राजनीतिक मंशा के तहत एक ही व्यक्ति द्वारा कई-कई फर्जी आपत्तियां दर्ज कराई जा रही हैं, जबकि नियमानुसार केवल किसी राजनीतिक दल का बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) 1 या 2 ही मतदाता पर आपत्ति लगा सकता है।विधायक काजी निजामुद्दीन ने बताया कि मंगलवार सुबह जब उन्होंने चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट से फॉर्म 10 डाउनलोड किया, तो चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए। अकेले बूथ नंबर एक पर एक ही दिन में मांगेराम नामक व्यक्ति द्वारा 29 लोगों के नामों पर आपत्ति दर्ज कराई गई है, जबकि ये सभी लोग अपने मोहल्ले में ही निवास कर रहे हैं। विधायक ने प्रेस वार्ता करते हुए जानकारी दी कि मंगलवार को मंगलौर क्षेत्र में कुल 152 लोगों के नामों पर गलत तरीके से आपत्तियां दर्ज की गई हैं। ताज्जुब की बात यह है कि आपत्ति दर्ज कराने वाले व्यक्तियों के बारे में किसी को कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है। इसी तरह अमन पाल नामक व्यक्ति द्वारा भी नियमों के विपरीत कई वोटों पर आपत्ति दाखिल की गई है।
दोषियों पर कानूनी कार्रवाई की मांग
विधायक काजी निजामुद्दीन ने निर्वाचन आयोग से इस पूरे मामले का तुरंत संज्ञान लेने की अपील की है। उन्होंने मांग की है कि नियम विरुद्ध और फर्जी तरीके से आपत्ति दर्ज कराने वाले लोगों की गहनता से जांच कराई जाए और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए, ताकि वैध मतदाताओं के अधिकारों का हनन न हो सके। इस अवसर पर मंगलौर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मोहिउद्दीन अंसारी, नवाज काजमी, सुमित पवार, नायर अंसारी आदि काफी लोग मौजूद रहे।
