रिपोर्ट👉 जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर: कोतवाली क्षेत्र के गुरुकुल नारसन में एक अनियंत्रित ईको कार ने मोटरसाइकिल में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने वादी की तहरीर के आधार पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना 3 अगस्त 2026 की रात्रि लगभग 09:20 बजे की है। सुरेंद्र कुमार सैनी निवासी मौ० गडरीयान थाना झबरेड़ा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पुत्र आकाश (31 वर्ष) अपने दोस्त सिद्धार्थ 30 वर्ष निवासी ग्राम सरढेडी शाहजानपुर थाना भगवानपुर की मोटरसाइकिल पर सवार होकर गुरुकुल नारसन से गुजर रहे थे। इसी दौरान मारुति ईको कार के अज्ञात चालक ने अपने वाहन को अत्यधिक तेजी व लापरवाही से चलाते हुए पीछे से उनकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मंगलौर कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
