रिपोर्ट👉 जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। कस्बे से सोमवार सुबह स्कूल गई दो नाबालिग छात्राएं संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गईं। दोपहर तक जब छात्राएं घर वापस नहीं लौटीं तो स्वजनों को चिंता हुई। तलाश करने पर भी जब उनका कोई सुराग नहीं लगा तो स्वजनों ने कोतवाली मंगलौर पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने मामले में गुमशुदगी दर्ज कर बालिकाओं की तलाश शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार मोहल्ला पठानपुरा निवासी शफीक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी 14 वर्षीय पुत्री कक्षा 06 की छात्रा है सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे वह कॉलेज जाने के लिए निकली थी। उसी दौरान मोहल्ला बाहर किला निवासी अकील अहमद की हाई स्कूल में पढ़ने वाली 16 वर्षीय पुत्री भी जूनियर हाई स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी।दोपहर 1:00 बजे स्कूल की छुट्टी होने के बाद जब दोपहर 1:30 बजे तक घर नहीं पहुंची तो उसकी मां पूछताछ करने स्कूल पहुंचीं। उपस्थिति रजिस्टर जांचने पर पता चला कि उनकी पुत्री सोमवार को स्कूल आई ही नहीं थी। इसके बाद स्वजनों ने दोनों की रिश्तेदारियों और संभावित ठिकानों पर काफी खोजबीन की, लेकिन दोनों का कहीं कोई पता नहीं चला। स्वजनों की ओर से मंगलवार को मंगलौर कोतवाली में तहरीर देकर गुमशुदगी दर्ज कराई गई है। पुलिस का कहना है कि रास्ते की सीसीटीवी कैमरे को खंगाला जा रहा है।
