रिपोर्ट👉 जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। मंगलौर कोतवाली की गुरुकुल नारसन पुलिस चौकी क्षेत्र के सकौती गांव में रंजिश के चलते एक युवक के घर में घुसकर मारपीट और धारदार हथियार से हमला कर दिया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। गुरुकुल नारसन पुलिस चौकी के ग्राम सकौती निवासी मनोज पंवार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 24 अगस्त की शाम करीब छह बजे वह अपने घर पर मौजूद थे। उस समय उनके पास शक्करपुर निवासी सोहनवीर, मेघा निवासी जौधा उर्फ वैभव और गांव के ही आदित्य पंवार बैठे बातचीत कर रहे थे। घर में काम करने वाला नौकर रामफल और उनकी पत्नी भी वहीं मौजूद थे। आरोप है कि इसी दौरान गांव का ही राजीव कुमार जबरन घर में घुस आया और गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने अपने पास मौजूद धारदार व नुकीले हथियार से उसकी पीठ पर ताबड़तोड़ वार कर दिए और पेट में घूंसे मारे। हमले में पीड़ित गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके शरीर से खून बहने लगा।चीख-पुकार सुनकर मौके पर मौजूद दोस्तों ने बमुश्किल उसको बचाया। खुद को घिरता देखआरोपी भविष्य में जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। घायल को सरकारी अस्पताल रुड़की में मेडिकल कराया गया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भगवान महर ने बताया कि पीड़ित की तहरीर और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपी राजीव कुमार के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।
