रिपोर्ट👉 जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। कस्बे के मोहल्ला पठानपुरा में दहेज उत्पीड़न और कोर्ट केस वापस न लेने पर ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा एक विवाहिता और उसकी माँ पर हमला करने को लेकर मुकदमा दर्ज कराया गया है। आरोप है कि आरोपियों ने महिला का गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया और उसकी दूधमुही बच्ची को छीनने की कोशिश की। पुलिस ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मंगलोर के पठानपुरा निवासी शाहिना का विवाह 20 मई 2022 को सरवट फाटक थाना नई मंडी, मुजफ्फरनगर निवासी आबिद के साथ हुआ था। परिजनों ने शादी में करीब 8 लाख रुपये खर्च किए थे। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति आबिद, ससुर मुस्तफा, सास संजिदा, जेठानी शहराज, देवरानी आसमीन, जेठ-देवर साजिद व आरिफ तथा ननद-ननदोई आबिदा-खालिद और संजिदा-मुस्तफा कम दहेज को लेकर उसका उत्पीड़न करने लगे। पीड़िता का कहना है कि 2 मई 2024 को उसकी पुत्री शिफा का जन्म हुआ। बेटी पैदा होने पर ससुराल वालों ने ताने दिए और छुछक में 5 लाख रुपये नगद तथा बुलेट बाइक की मांग रख दी। पीड़िता के परिवार ने मिन्नतें कर 1 लाख रुपये दिए लेकिन आरोपी नहीं माने। आरोप है कि 18 दिसंबर 2024 को मारपीट कर पीड़िता को उसकी बच्ची के साथ घर से निकाल दिया गया। इसके बाद जब पीड़िता के पिता ने कानूनी कार्रवाई की बात की तो पति आबिद और जेठ-देवर विदेश भाग गए। पीड़िता शाहिना के अनुसार 10 मई 2026 की रात करीब 9 बजे ससुर मुस्तफा, ननदोई खालिद व मुस्तफा, ननद आबिदा और जेठानी शहराज पठानपुरा स्थित उसके मायके में घुस आए। आरोपियों ने पहले से चल रहा मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाया। पीड़िता की माँ नसीमा के विरोध करने पर आरोपियों ने शाहिना का गला घोंटकर हत्या का प्रयास किया और दूधमुही बच्ची शिफा को छीनकर भागने लगे।शोर-शराबा सुनकर पड़ोस के लोगो अन्य राहगीरों को आता देख आरोपी धमकी देते हुए बाहर खड़ी स्विफ्ट कार से फरार हो गए। मंगलौर पुलिस ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
