रिपोर्ट👉 जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर: कस्बा मंगलौर के बाहर किला लंढौरा मार्ग निवासी वर्षा ने अपने पति मोहित कुमार (हन्नी), सास संतलेश, ससुर विनोद कुमार, जेठ नितिन कुमार, जेठानी पारुल, ननद सोनिया व नेहा (डोली) तथा दिल्ली पुलिस में कार्यरत नंदोई राकेश कुमार के खिलाफ दहेज की मांग, क्रूरतापूर्वक मारपीट, स्त्रीधन हड़पने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस में मुकदमा दर्ज कराया गया है।पीड़िता वर्षा के अनुसार, उनका विवाह 01 दिसंबर 2021 को हिंदू रीति-रिवाज से मुजफ्फरनगर के शांति नगर निवासी मोहित कुमार के साथ हुआ था। विवाह में मायके वालों ने 5 लाख रुपये नकद/बैंक खाते के जरिए तथा जेवरात मिलाकर कुल 30 लाख रुपये खर्च किए थे।आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति मोहित, सास संतलेश, ससुर विनोद, जेठ नितिन, जेठानी पारुल, ननद सोनिया व नेहा और नंदोई राकेश अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। तहरीर में बताया गया कि 12 अप्रैल 2025 को सभी नामजद अभियुक्तों ने एकमत होकर वर्षा के साथ मारपीट की और उसे उसकी 3 वर्षीय मासूम पुत्री के साथ बलपूर्वक घर से निष्कासित कर दिया। यही नहीं पीड़िता का लगभग 25 लाख रुपये का संपूर्ण स्त्रीधन सोने-चांदी के आभूषण व कीमती सामान ससुराल वालों ने अवैध कब्जे में रख लिया है। आरोप है कि आरोपी इस स्त्रीधन को बेचने और पति मोहित कुमार (हन्नी) विदेश भागने की फिराक में है। मामले में मोड़ तब आया जब 18 अप्रैल 2026 की रात दोनों पक्षों के बीच सुलह का प्रयास किया गया। पीड़िता का आरोप है कि पति मोहित ने फोन पर उसके पिता को अभद्र गालियां दीं और धमकी दी कि यदि और धन नहीं दिया गया तो वर्षा व उसकी बेटी की हत्या कर दी जाएगी। पीड़िता ने यह भी कहा कि दिल्ली पुलिस में कार्यरत नंदोई राकेश अपने प्रभाव की धौंस दिखाकर उन्हें डरा रहा है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर दिया।
