रिपोर्ट👉 जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। कोतवाली मंगलौर क्षेत्र में एक नाबालिग छात्रा को झांसे में लेकर दुष्कर्म करने और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने के आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कक्षा 12 में पढ़ने वाली 15 वर्षीया छात्रा रोज की तरह 20 अगस्त को सुबह अपने घर से स्कूल के लिए निकली थी। दोपहर में छुट्टी के काफी देर बाद भी जब वह घर नहीं पहुंची तो परिजनों को चिंता हुई। तलाश के दौरान स्कूल प्रशासन से संपर्क करने पर पता चला कि छात्रा उस दिन स्कूल आई ही नहीं थी।अपराह्न करीब तीन बजे जब छात्रा घर लौटी तो परिजनों द्वारा पूछताछ करने पर उसने आप बीती सुनाई। छात्रा ने बताया कि ग्राम नगला चिन्ना निवासी सागर उसे जान से मारने की धमकी देकर पिछले एक साल से डरा-धमका रहा था। आरोपित ने डरा धमका कर शादी का झांसा देते हुए कई बार होटल ले जाकर जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इतना ही नहीं आरोपी ने अपने मोबाइल से उसकी अश्लील वीडियो भी बना ली जिसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर वह लगातार छात्रा का शारीरिक शोषण कर रहा था। घटना वाले दिन भी आरोपी सागर छात्रा को बहला-फुसलाकर अपनी मोटरसाइकिल पर ले गया था घटना की गंभीरता को देखते हुए पीड़ित पिता ने थाना कोतवाली मंगलौर में आरोपी के खिलाफ नामजद तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भगवान महर ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और आरोपी की तलाश की जा रही है।
