रिपोर्ट👉 जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। दहेज में कार की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों द्वारा विवाहिता के साथ क्रूरता, मारपीट और गला घोंटकर जान से मारने के प्रयास का मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस अधीक्षक देहात के निर्देश पर पुलिस ने पीड़िता के पति, सास और देवरों समेत अन्य ससुरालियों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है. मंगलौर कोतवाली के ग्राम उदलहेड़ी निवासी अजब सिंह ने पुलिस अधीक्षक देहात को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उन्होंने अपनी बेटी काजल का विवाह 27 जून 2023 को ग्राम कंकरखाता थाना लक्सर निवासी विपिन के साथ किया था। पीड़िता के पिता के अनुसार शादी में हैसियत से बढ़कर करीब 12 लाख रुपये खर्च किए गए थे, जिसमें डेढ़ लाख नगद, सोने-चांदी के आभूषण, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और फर्नीचर शामिल थे। शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष ने कार की मांग को लेकर उसकी पुत्री को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। 15 नवंबर 2024 को पीड़िता ने एक बेटे को जन्म दिया, लेकिन बच्चे के जन्म के बाद भी ससुराल वालों का रवैया नहीं बदला और कार की मांग को लेकर पीड़िता पर दबाव बनाया जाने लगा। सामाजिक समझौते के बावजूद ससुराल पक्ष अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। आरोप है कि 22 फरवरी 2026 की शाम को पीड़िता ने पड़ोस की महिला के फोन से अपने भाई को सूचना दी कि उसका पति विपिन, देवर राजू, अतुल, मोनू और सास बाला उसके साथ बुरी तरह मारपीट कर रहे हैं। वहीं जेठानी बबीता और मीनू ने उसका गला घोंटकर जान से मारने का प्रयास किया तथा फोन भी छीन लिया। सूचना पर जब मायके वाले कंकरखाता पहुंचे तो आरोपियों ने रास्ते में रोककर उनके साथ भी गाली-गलौज और मारपीट की। 112 नंबर पर सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस की मदद से पीड़िता को बचाया गया और अस्पताल में भर्ती कराया गया। थाना लक्सर और महिला हेल्पलाइन रुड़की में काउंसलिंग के बाद भी जब आरोपी पक्ष बाज नहीं आया। तो शिकायत एसपी देहात को की गई मंगलौर पुलिस ने एसपी देहात के निर्देश के बाद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
