रिपोर्ट👉 जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर: रक्षाबंधन पर्व के पावन अवसर पर आनंद स्वरूप आर्य सरस्वती विद्या मंदिर की छात्राओं ने कोतवाली पहुंचकर पुलिसकर्मियों को रक्षासूत्र बांधा। छात्राओं ने पुलिस के जवानों की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना की तो वहीं पुलिसकर्मियों ने भी छात्राओं को सुरक्षा का वचन देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दिया।
गुरुवार को मंगलौरकोतवाली परिसर में आयोजित इस भावुक और स्नेहपूर्ण कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने एक-एक कर पुलिस अधिकारियों और जवानों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधे और तिलक लगाकर उनका मुंह मीठा कराया। कानून-व्यवस्था और जनता की सुरक्षा में दिन-रात तैनात रहने वाले पुलिसकर्मी भी इस आत्मीय भाव से गद्गद नजर आए। छात्राओं को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए कोतवाल भगवान महर ने कहा रक्षाबंधन का यह पर्व हमें अपने कर्तव्यों की याद दिलाता है। जिस प्रकार एक भाई अपनी बहन की रक्षा का संकल्प लेता है ठीक उसी तरह क्षेत्र की हर बेटी और महिला की सुरक्षा सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता और नैतिक जिम्मेदारी है।पुलिस बल सदैव जनता की सेवा और सुरक्षा के लिए तत्पर है। इस अवसर पर कोतवाल भगवान महर, उप-निरीक्षक बलजिंदर नेगी, महिला उप-निरीक्षक नीलम, उप-निरीक्षक मंसूर अली, नंदकिशोर भट्ट, हरभजन सिंह, पप्पू कश्यप, सुमित कश्यप, रकम सिंह, निर्दोष और कपिल सहित समस्त पुलिस बल ने छात्राओं से राखी बंधवाई और उन्हें उपहार और आशीर्वाद दिया।
