रिपोर्ट👉 जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर: रक्षाबंधन और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के आगामी त्योहारों के दृष्टिगत खाद्य सुरक्षा विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। त्यौहारों पर मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने और लोगों को शुद्ध मिठाई उपलब्ध कराने के लिए विभाग ने विशेष जांच अभियान शुरू कर दिया है।

इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी कपिल देव ने मंगलौर क्षेत्र में पहुंचकर विभिन्न मिठाई विक्रेताओं की दुकानों पर छापेमारी की और मिठाइयों के सैंपल एकत्र किए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी की इस अचानक कार्रवाई से मंगलौर के मिठाई विक्रेताओं में हड़कंप मच गया। टीम ने कई प्रमुख दुकानों का निरीक्षण कर साफ-सफाई की व्यवस्था जांची और छेना, मावा तथा अन्य मिठाइयों के नमूने लेकर सील किए। एकत्र किए गए सभी सैंपलों को जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला रुद्रपुर भेजा जा रहा है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि त्योहारों पर मिठाइयों की मांग काफी बढ़ जाती है जिसका फायदा उठाकर कुछअसामाजिक तत्व मिलावटी मावा व अन्य खाद्य सामग्री बेचने का प्रयास करते हैं। उन्होंने सभी व्यापारियों को कड़ी चेतावनी दी कि यदि जांच रिपोर्ट में मिलावट पाई गई या दुकान पर स्वच्छता के मानकों की अनदेखी मिली तो संबंधित विक्रेता के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
