जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। पुलिस अधीक्षक देहात शेखर चंद्र सुयाल और पुलिस क्षेत्राधिकारी अभिनय चौधरी ने रविवार को कोतवाली मंगलौर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाने के विभिन्न पटलों, मालखाना, हवालात, महिला हेल्प डेस्क, कंप्यूटर रूम और सरकारी संपत्ति के रखरखाव का विस्तृत जायजा लिया।

अधिकारियों ने कोतवाली की साफसफाई और अभिलेखों के रख रखाव को लेकर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने मौके पर उप-निरीक्षकों से शस्त्र को खुलवाकर तथा बंद कराकर भी जांच की और इसकी स्थिति संतोषजनक पाई। पुलिस अधीक्षक देहात ने कोतवाली प्रभारी सहित सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि अपराध नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। थाना क्षेत्र में होने वाली किसी भी घटना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए शिकायतों का निस्तारण 24 घंटे के अंदर शुरू कर दिया जाए और लंबित मामलों की समीक्षा नियमित रूप से की जाए। उन्होंने साफ-सफाई और रिकॉर्ड रखरखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त न करने की चेतावनी दी। पुलिस क्षेत्राधिकारी ने भी थाने के विभिन्न सेक्शनों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टाफ को सतर्क रहने, मिशन प्रहार जैसी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने और आम जनता की समस्याओं को प्राथमिकता से हल करने की हिदायत दी। निरीक्षण के दौरान कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भगवान महर, वरिष्ठ उप-निरीक्षक सुखपाल मान, उपनिरीक्षक वरजिंदर सिंह नेगी, हेम दत्त भारद्वाज, कमलकांत रतूड़ी, वीरपाल, महिला उप निरीक्षक नीलम, महिला अपर उपनिरीक्षक ललिता, जफर, पप्पू कश्यप, नंदकिशोर, अंजू, मधु, मीना बिष्ट, लाल सिंह और अन्य पुलिस कर्मी मौजूद रहे।
