जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम नसीरपुर के जंगल में अधेड़ का शव मिलने से हड़कंप मच गया। शव चार दिन पुराना बताया जा रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मिली जानकारी के अनुसार सोमवार की दोपहर को मंगलौर कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम नसीरपुर के जंगलों में स्थित एक ग्रामीण की ट्यूबवेल के पास शव पड़ा हुआ है सूचना मिलने पर कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक सुखपाल मान व अन्य पुलिस टीम मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा की मौके पर पड़ा शव काफी खराब हालत में है। काफी प्रयास किए जाने के बाद मृतक की पहचान ग्राम नसीरपुर निवासी धर्मेंद्र (50 वर्ष) के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार बीते चार दिन पहले वह अपने घर से खेत पर जाने की बात कहकर निकला था। और तब से अब तक घर नहीं लौटा था परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। मंगलौर कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुखपाल मान ने बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि मृतक नशे का आदी था। फिर भी पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
