जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। पुलिस क्षेत्राधिकारी मंगलौर ने क्षेत्र के सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के साथ बैठक कर उनका कुशलक्षेम जाना। इस दौरान उन्होंने पेंशनर्स की सामाजिक और पारिवारिक समस्याओं को सुना और उनके प्रभावी निस्तारण का भरोसा दिलाया। मंगलौर पुलिस क्षेत्र अधिकारी कार्यालय में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए क्षेत्राधिकारी अभिनय चौधरी ने कहा कि पुलिस विभाग एक परिवार की तरह है। सेवानिवृत्त कर्मचारी विभाग की रीढ़ हैं और उनके अनुभव आज भी पुलिसिंग के लिए मार्गदर्शक साबित होते हैं। बैठक के दौरान सीओ ने एक-एक कर सभी पेंशनर्स से संवाद किया और उनकी स्वास्थ्य संबंधी व पारिवारिक स्थिति की जानकारी ली। बैठक में पेंशनर्स ने पेंशन संबंधी विसंगतियों और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर अपनी बात रखी। इस पर क्षेत्राधिकारी ने विश्वास दिलाया कि पुलिस प्रशासन उनकी हर समस्या के समाधान के लिए तत्पर है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पेंशनर्स को कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें इसका विशेष ध्यान रखा जाए। पुलिस क्षेत्र अधिकारी अभिनय चौधरी ने कहा कि रिटायर्ड पुलिसकर्मी हमारे परिवार के वरिष्ठ सदस्य हैं। उनकी गरिमा का ख्याल रखना और उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करना हमारी जिम्मेदारी है। इस दौरान वरिष्ठ पेंशनर्स को स्वास्थ्य संबंधी सहायता और पुलिस अस्पतालों में प्राथमिकता देने पर भी चर्चा की गई। सेवानिवृत्ति के बाद सामाजिक जीवन में आने वाली चुनौतियों पर विचार-विमर्श करते हुए किसी भी आपात स्थिति या कानूनी सहायता करने का आश्वासन भी पुलिस क्षेत्राधिकारी द्वारा दिया गया।
