जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। जिलाधिकारी के निर्देशों पर सिंचाई विभाग और राजस्व की टीम ने ग्राम नसीरपुर पहुंचकर किसानो की खराब फसलों का निरीक्षण किया। नारसन ब्लॉक ग्राम नसीरपुर में एक अप्रैल की सुबह सरकी राजबाहे के टूटने से आधा दर्जन से ज्यादा किसानों के खेतों में पानी भर गया था जिससे किसानों की फसल पूरी तरह से खराब हो गई थी किसान राकेश लोहान, ओमपाल, देवेंद्र, बलिंदर, प्रमोद आदि ने सोमवार को जिलाधिकारी से भेंट करते हुए मुआवजे की मांग की थी। इसके बाद मंगलवार को तहसीलदार युसूफ अली सिंचाई विभाग के एसडीओ मनोज कुमार और अवर अभियंता राजकुमार ने गांव में पहुंचकर मौका मुआयना किया। संयुक्त टीम ने बताया कि निरीक्षण के बाद रिपोर्ट बनाकर जिला अधिकारी को भेजी जाएगी।
