जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। राष्ट्रीय राजमार्ग स्थितग्राम पीरपुरा अंडरपास पर आए दिन हो रहे हादसों को रोकने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुलशन रोड द्वारा उठाए गए सुरक्षा के मुद्दे पर संज्ञान लेते हुए ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की ने बुधवार को प्रशासनिक और विभागीय अधिकारियों की टीम के साथ घटनास्थल का स्थलीय निरीक्षण किया।

मंगलवार को गुलशन रोड ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपम रामचंद्र सेठ से मुलाकात कर पीरपुरा अंडरपास की खतरनाक स्थिति से अवगत कराया था। इस दौरान उन्होंने मांग की थी कि यहां लगातार हो रहे एक्सीडेंट्स को रोकने के लिए तत्काल सुरक्षात्मक उपाय किए जाएं। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वयं मौका मुआयना करने का आश्वासन दिया था। बुधवार को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की, सीओ मंगलौर अभिनय चौधरी के अलावा भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के उच्चाधिकारी, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी एवं संबंधित टीम के साथ मौके पर पहुंचे और निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने अंडरपास की बनावट और वहां होने वाली दुर्घटनाओं के संभावित कारणों का तकनीकी रूप से जायजा लिया। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने मौके पर मौजूद एनएचएआई और पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि भविष्य में हादसों पर अंकुश लगाने के लिए जो भी जरूरी उपाय उन्हें तत्काल प्रभाव से लागू किया जाए।
