जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। कस्बे के नेशनल हाईवे पर वीकेंड के दौरान लगने वाले भीषण जाम से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। शनिवार को जाम की स्थिति बेकाबू होते देख स्वयं पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) ने मोर्चा संभाला और हाईवे पर उतरकर यातायात व्यवस्था को दुरुस्त कराया। इस दौरान रोडवेज बस अड्डा तिराहे के पास बने डिवाइडर कट को बंद कर वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित किया गया। वीकेंड पर शनिवार और रविवार को नेशनल हाईवे पर वाहनों का दबाव अत्यधिक बढ़ जाता है, जिससे मंगलौर कस्बे और आसपास के क्षेत्रों में घंटों लंबा जाम लग जाता है। यात्रियों और स्थानीय लोगों की समस्याओं को देखते हुए क्षेत्राधिकारी अभिनय चौधरी ने पुलिस बल के साथ मुख्य चौराहों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि रोडवेज बस अड्डा तिराहे और ग्राम नजरपुरा के सामने बने कट और यू-टर्न के कारण वाहन आपस में उलझते है जो जाम का मुख्य कारण बन रहा था। सीओ के निर्देश पर तत्काल दोनों कट को बैरिकेडिंग लगा कर बंद कर दिया गया। इसके बाद वाहनों की गति में सुधार देखा गया।
“वीकेंड पर यात्रियों की सुरक्षा और सुगम यातायात हमारी प्राथमिकता है। हाईवे पर जाम की स्थिति न बने, इसके लिए पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है और अनावश्यक कटों को बंद किया जा रहा है।”
अभिनय चौधरी
— पुलिस क्षेत्राधिकारी, मंगलौर
