जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। पर्यावरण संरक्षण और खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एपीस इंडिया लिमिटेड कंपनी के कर्मचारियों के बीच 20 ओवरों के इको फ्रेंडली क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। रोमांचक मुकाबले में एपीस डॉटस की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एपीस हनी को हराकर जीत की ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। इको फ्रेंडली मैच की शुरुआत में एपीस हनी के कप्तान मोहम्मद अलीम ने एपीस डॉटस के कप्तान आमिर खान से टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया।

निर्धारित 20 ओवरों के मैच में सधी हुई बल्लेबाजी करते हुए एपीस हनी की टीम ने कुल 149 रन बनाए और विपक्षी टीम के सामने जीत के लिए 150 रनों का लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी एपीस डॉटस की टीम ने आक्रामक रुख अपनाया। सलामी बल्लेबाजों की धुआंधार पारी की बदौलत टीम ने मात्र 12 ओवरों में ही 150 रन के लक्ष्य को सफलतापूर्वक हासिल कर लिया। सौरभ ने 45 शानदार रन बनाने के दौरान चौका मार कर अपनी टीम को विजय दिलाई। टीम के शानदार तालमेल और तेज रन गति के चलते मैच एकतरफा हो गया और एपीस डॉटस ने खिताबी जीत दर्ज की। कंपनी प्रबंधन की ओर से आयोजित इस मैच का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों के बीच टीम वर्क को बढ़ावा देना और समाज को पर्यावरण के प्रति जागरूक करना था। मैच के समापन पर विजेता और उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान कंपनी मैनेजर राहुल दत्त शर्मा, प्रोडक्शन मैनेजर जसपाल सिंह, निश्चल भारद्वाज आमिर खान, कंपनी प्रबंधन प्रवीण कुमार शर्मा, अंजू त्यागी, निश्चल भारद्वाज सुनील कुमार, आमिर खान, मोहम्मद अली,म सोहराब आदि अधिकारी और बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।
