जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। पुलिस की कार्यप्रणाली अक्सर सवालों के घेरे में रहती है, लेकिन जब मेहनत की कमाई से खरीदा हुआ मोबाइल फोन वापस मिल जाए, तो खाकी के प्रति विश्वास और बढ़ जाता है। मंगलौर कोतवाली में शनिवार को कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जब एसपी देहात ने खोए हुए मोबाइल बरामद कर उनके असली मालिकों को सौंपे। अपने गुमशुदा फोन वापस पाकर ग्रामीणों के चेहरे पर रौनक लौट आई।

एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने कोतवाली में बताया कि कांस्टेबल जफर हुसैन द्वारा सेंट्रल इक्विपमेंट आईडेंटिटी रजिस्टर्ड पोर्टल के माध्यम से 25 मोबाइल फोन को ढूंढ कर वापस मंगाया गया। मंगलौर कोतवाली पहुंचे ग्रामीण अपने खोए हुए मोबाइलों को मिलने की उम्मीद खो चुके थे। लेकिन फोन वापस मिलते ही उन्होंने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर एसपी देहात ने बताया कि जनवरी से लेकर अभी तक मंगलौर कोतवाली पुलिस द्वारा 155 खोए हुए मोबाइल ढूंढ कर उनके मालिकों को सो चुकी है इनकी कीमत करीब 6 लाख रुपए आकी गई है। इस अवसर पर पुलिस क्षेत्राधिकारी अभिनय चौधरी, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भगवान महर, वरिष्ठ उप निरीक्षक सुखपाल मान, बरजिंदर नेगी, वीरपाल सिंह, नीलम, नंदकिशोर, जफर हुसैन, लाल सिंह, कपिल कटारिया, रकम सिंह आदि मौजूद रहे।
