रिपोर्ट- जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। नारसन ब्लॉक के ग्राम ठसका में भारतीय संविधान के शिल्पकार भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर गांव में रैली निकाल कर स्वच्छता और नशा मुक्ति का संदेश देते हुए जागरूक किया।

मंगलवार की शाम को नारसन ब्लॉक के ग्राम ठसका मे गांव की बदलावकारी लीडर एवं पूर्व प्रधान रेखा रानी के नेतृत्व में बच्चों और ग्रामीणों ने भव्य जागरूकता रैली निकाली। रैली के माध्यम से ग्रामीणों को बाबा साहेब के आदर्शों और उनके बताए मार्ग पर चलने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व प्रधान रेखा रानी ने डॉ. अंबेडकर के योगदान पर प्रकाश डाला कहा कि बाबा साहेब ने न केवल देश को एक सशक्त संविधान दिया, बल्कि समाज के हर वर्ग और धर्म की महिलाओं को सम्मान के साथ जीने का अधिकार भी दिलाया। उन्होंने जोर देकर कहा कि आज हम जिस बराबरी और लोकतंत्र का अनुभव कर रहे हैं, वह बाबा साहेब की ही देन है। ग्रामीणों ने रैली निकालकर स्वच्छता और नशा मुक्ति के लिए भी जागरूक किया। गांव मे रैली के दौरान बच्चे हाथों में बाबा साहेब के संदेशों वाली तख्तियां लेकर चल रहे थे। ग्रामीणों ने संकल्प लिया कि वे शिक्षित बनकर और संगठित होकर समाज की मुख्यधारा में अपना योगदान देंगे। देर शाम को गांव में स्थित मंदिर पर भंडारे का भी आयोजन किया गया। इस अवसर पर देवयानी, आँचल, शालू, रेखा देवी, नंदिनी, पूजा, कलश, सनतलेश, भारती, कमलेश आदि मुख्य रूप से मौजूद रही। दूसरी ओर मंगलोर में डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर जहां मंगलवार को कीर्तन और भंडारे का आयोजन किया गया वहीं बुधवार को डॉ भीमराव अंबेडकर नवयुवक समिति की ओर से नगर के मुख्य मार्गो से भव्य शोभायात्रा निकली गई। शोभायात्रा मे निकली गई झाकिया मुख्य आकर्षण का केंद्र बनी रही।
