रिपोर्ट- जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। दुर्गा मॉडर्न इंटर कॉलेज में ‘पृथ्वी दिवस’ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने पोस्टर, भाषण और अपनी रचनात्मक साज-सज्जा के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का जोरदार संदेश दिया। विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण किया गया तथा स्वच्छता अभियान चलाकर सभी को अपने आसपास की सफाई के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने इन पंक्तियों से सभी को प्रेरित किया। “धरती को हम स्वर्ग बनाएंगे, चारों ओर हरियाली फैलाएंगे, प्रदूषण को दूर भगाकर, पृथ्वी को फिर से खुशहाल बनाएंगे।”

विद्यालय के चारों सदनों—येलो, ग्रीन, ब्लू और रेड—के बीच हुई कड़ी प्रतिस्पर्धा में ब्लू हाउस ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। रेड हाउस ने द्वितीय और ग्रीन हाउस ने तृतीय स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। प्रधानाचार्य मनोज शर्मा ने विद्यार्थियों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि आज की पीढ़ी को प्रकृति के प्रति जागरूक करना ही सबसे बड़ी शिक्षा है। अंत में सभी ने ‘एक पेड़, एक जीवन’ का संकल्प लिया और पौधों के महत्व को समझा। इस अवसर पर शरद शर्मा, सुमित कुमार, सबीना, सुमायला, महिमा, अमित कुमार पालीवाल, सतीश शर्मा, रेशमा परवीन, अल्का शर्मा, अनमोल सैनी आदि मौजूद रहे।
