रिपोर्ट- जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। नगर के दुर्गा मॉडर्न इंटर कॉलेज में मई दिवस की पूर्व संध्या पर गुरुवार को सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा की वरीयता सूची में 21वां स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा आरजू समेत 14 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के चेयरमैन मनोज शर्मा व डायरेक्टर दीपा शर्मा ने मां सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर किया। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत के अलावा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। बोर्ड परीक्षा में प्रदेश की मेरिट सूची में 21वीं रैंक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन करने वाली छात्रा आरजू को कॉलेज प्रबंधन द्वारा विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही 13 अन्य मेधावी विद्यार्थियों को भी मेडल व प्रशस्ति पत्र भेंट किए गए। छात्रा अमन फरहा के कुशल संचालन मैं आयोजित कार्यक्रम में शरद शर्मा, सुमित कुमार, अक्षर राठौर, महिमा, शुमैला, सबीना, अनमोल सैनी एवं रुद्राक्ष शर्मा आदि मौजूद रहे।
