जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य और समर्पण के लिए राजकीय प्राथमिक विद्यालय गोपालपुर के प्रधानाध्यापक रोबिन सिंह का चयन प्रतिष्ठित ‘शैलेश मटियानी राज्य शैक्षिक पुरस्कार’ के लिए किया गया है। उनके चयन की सूचना मिलते ही शिक्षा विभाग और साथी शिक्षकों में हर्ष की लहर दौड़ गई। मूल रूप से नारसन ब्लॉक के ग्राम थिथकी के निवासी रोबिन सिंह पिछले लंबे समय से शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए प्रयासरत हैं। विद्यालय के प्रधानाध्यापक के रूप में उन्होंने शिक्षण की आधुनिक पद्धतियों और नवाचारों को अपनाकर स्कूल की तस्वीर बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके प्रयास से कहीं छात्र छात्राएं नवोदय विद्यालय में भी चयनित हो चुके हैं। रोबिन सिंह की इस उपलब्धि पर खंड शिक्षा अधिकारी और शिक्षक संगठनों ने उन्हें बधाई दी है। शिक्षकों का कहना है कि रोबिन सिंह की यह उपलब्धि अन्य शिक्षकों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।थिथकी गांव से निकलकर शिक्षा की ज्योत जलाने वाले रोबिन सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय अपने सहयोगियों और विद्यार्थियों के कठिन परिश्रम को दिया है। शैलेश मटियानी पुरस्कार में चयनित होने के बाद प्रधानाध्यापक रोबिन सिंह का कहना है कि यह पुरस्कार केवल मेरा नहीं, बल्कि उन सभी छात्र-छात्राओं और साथियों का सम्मान है जिन्होंने शिक्षा के स्तर को ऊपर उठाने में मेरा साथ दिया है।
