जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। नगर में श्री बालाजी जन्मोत्सव का पर्व पूरी श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। संकटमोचन के जयकारों से मंगलौर की गलियां गुंजायमान हो उठीं। कहीं चोला अर्पण किया गया तो कहीं फूलों की होली खेली गई भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था।

नगर के प्राचीन मंदिरों और सार्वजनिक भवनों में आयोजित कार्यक्रमों में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने माथा टेका और सुख-समृद्धि की कामना की। गुरुवार की सुबह ब्रह्ममुहूर्त मे मोहल्ला सरावज्ञान स्थित प्राचीन महादेव महाराज मंदिर में सुबह ठीक 5:00 बजे मुख्य यजमानों और सेवादारों द्वारा श्री बालाजी महाराज को चोला अर्पित किया गया। इसके उपरांत विद्वान पंडित विनोद बडोला ने बालाजी महाराज के विग्रह रूप का विधि-विधान से मंगल स्नान कराया गया। मंदिर परिसर में आयोजित संकट मोचन हवन मुख्य अजमान अमित गोयल और उनकी अर्धांगिनी शालू गोयल द्वारा पूर्ण आहुति दी गई।

इस अवसर पर मौजूद अन्य भक्तों ने भी हवन में आहुतियां देकर देश की खुशहाली की कामना की। बालाजी महाराज को छप्पन भोग लगाया गया। दोपहर के समय मंदिर प्रांगण में श्री बालाजी महाराज को छप्पन भोग लगाया गया। केक काटकर और जन्मोत्सव के मधुर भजनों के साथ भक्तों ने अपनी खुशी जाहिर की। दोपहर बाद शुरू हुए भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा का प्रसाद ग्रहण किया। लाडले मेहंदीपुर वाले के की ओर से व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए थे।इस अवसर पर अमित गोयल, मोहित बंसल, अंकुर गोयल, नीतेश अग्रवाल, रोहित गुप्ता, आकाशदीप गौतम, आशीष भाटिया, अव्यक गोयल, शौर्य बंसल, तन्मय गोयल, केशव अग्रवाल, प्रियंका, चंचल, शालू, नेहा, कपिल कुमार सुरेश धीमान, मांगे राम गर्ग, शोभित गुप्ता आदि मुख्य रूप से मौजूद रहे।
